बिहार के हिजाब विवाद पर क्या बोले जावेद अख्तर
मु्ख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिला डॉक्टर का हिजाब खींचा था
हिजाब विवाद के बीच आई जावेद अख्तर की प्रतिक्रिया
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सरकारी कार्यक्रम में मुस्लिम महिला डॉक्टर का नकाब (हिजाब) खींचने की घटना ने देशव्यापी विवाद खड़ा कर दिया है। इस मामले पर बॉलीवुड के दिग्गज गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश कुमार से उस महिला से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की है। जावेद अख्तर से पहले फिल्म 'दंगल' फेम पूर्व अभिनेत्री जायरा वसीम ने भी इस हरकत की निंदा की थी।
घटना पटना में आयोजित एक कार्यक्रम की है, जहां नव नियुक्त आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जा रहे थे। वायरल वीडियो में नीतीश कुमार एक महिला डॉक्टर का नकाब खींचते नजर आ रहे हैं, जिससे महिला असहज हो गईं। इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी आलोचना शुरू हो गई। विपक्षी दलों ने इसे महिला गरिमा का अपमान करार दिया है।
जावेद अख्तर का बयान: पर्दा प्रथा के खिलाफ हूं, लेकिन यह कृत्य अस्वीकार्य
जावेद अख्तर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, "जो मुझे थोड़ा-बहुत भी जानता है, उसे पता है कि मैं पर्दा प्रथा के कितना खिलाफ हूं। लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं कि मैं नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला डॉक्टर के साथ किए गए व्यवहार को किसी भी रूप में स्वीकार कर लूं। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। नीतीश कुमार को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।"
जावेद अख्तर की यह प्रतिक्रिया तब आई जब उनके पर्दा प्रथा पर पुराने बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्दा के खिलाफ उनकी राय व्यक्तिगत है, लेकिन किसी महिला की मर्जी के खिलाफ ऐसा व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
जायरा वसीम ने क्या कहा?
इससे पहले जायरा वसीम ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने लिखा, "किसी महिला की गरिमा और शालीनता से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता, खासकर सार्वजनिक मंच पर। एक मुस्लिम महिला के तौर पर दूसरी महिला का नकाब इतनी लापरवाही से खींचते देखना और वह मुस्कुराहट बेहद गुस्सा दिलाने वाली थी। सत्ता सीमाएं लांघने की इजाजत नहीं देती। नीतीश कुमार को उस महिला से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।"
इस विवाद ने महिला अधिकारों, धार्मिक स्वतंत्रता और सार्वजनिक आचरण पर व्यापक बहस छेड़ दी है। कई सेलेब्स और राजनीतिक हस्तियों ने नीतीश कुमार की आलोचना की है, जबकि कुछ ने बचाव भी किया। मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है।
