भारतीय मजदूर संघ के 70 वर्ष पूर्ण होने पर दिल्ली में आयोजित समारोह को संघ प्रमुख करेंगे संबोधित..!
नई दिल्ली- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से संबद्ध देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (BMS) की स्थापना के 70 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में राजधानी दिल्ली में बुधवार को एक भव्य समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को RSS प्रमुख मोहन भागवत संबोधित करेंगे, वहीं केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
BMS अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या ने सोमवार को केशव कुंज स्थित RSS कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस आयोजन में देशभर से हजारों प्रतिनिधि शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि संगठन इस अवसर पर अपने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को उनके अनुकरणीय योगदान के लिए सम्मानित भी करेगा।
BMS के अध्यक्ष हिरण्मय पंड्या ने कहा कि 23 जुलाई को भारतीय मजदूर संघ अपनी स्थापना के 70 गौरवशाली वर्ष पूरे करेगा। इस मौके को संगठन एक स्मरणीय समारोह के रूप में मना रहा है। इस कार्यक्रम में अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन भारत के निदेशक, वी.वी. गिरि राष्ट्रीय श्रम संस्थान, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधिकारी, सांसद, तथा देश की अन्य ट्रेड यूनियनों के वरिष्ठ नेता भी भाग लेंगे।
इसके अलावा, BMS के राज्य अध्यक्ष, महासचिव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, और दिल्ली-NCR के तमाम कर्मचारी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। आपको बता दें कि भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई, 1955 को भोपाल में हुई थी और आज यह देश की सबसे बड़ी श्रमिक यूनियन के रूप में स्थापित है।
यह आयोजन न केवल BMS के ऐतिहासिक योगदान को रेखांकित करेगा, बल्कि भविष्य की रणनीतियों पर संवाद का एक बड़ा मंच भी बनकर उभरेगा!!
About The Author

Sub Editor
3 years experience in digital media. Home district Sitapur Uttar Pradesh. Primary education Saraswati Vidya Mandir Sitapur. Graduation Lucknow University.